Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाराबंकी में दिनदहाड़े शूटआउट: मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या

February 13, 2026

बाराबंकी में दिनदहाड़े शूटआउट: मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। थाना कोतवाली क्षेत्र के असैनी मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने अधिवक्ता सुयेब उर्फ शोएब बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

कार पर बरसाईं गोलियां

जानकारी के मुताबिक, शोएब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी बलेनो कार से आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज पर पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। लखनऊ जोन के एडीजी के भी मौके पर पहुंचने की खबर है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

पुराने हत्याकांड से जुड़ा था नाम

शोएब उर्फ बॉबी का नाम 4 फरवरी 1999 को हुए जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड में सामने आया था। उस मामले में बाहुबली नेता मुखतार अंसारी, सपा के बागी विधायक अभय सिंह, चंदन नेगी और बउवा तिवारी समेत कई लोगों को नामजद किया गया था।

बताया जाता है कि जेलर रमाकांत तिवारी की हत्या उस समय की गई थी जब वे लखनऊ में एक बैठक से लौट रहे थे। राजभवन के पास बदमाशों ने उन पर गोलियां चलाई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में इस मामले में कुछ आरोपियों की हत्या हो गई और कुछ पुलिस मुठभेड़ में मारे गए, जबकि अन्य को अदालत ने बरी कर दिया था।

इलाके में दहशत

ताजा घटना के बाद बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई बड़ा आपराधिक षड्यंत्र है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें