Site icon Dainik Savera Times

आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिजली गिरने से 2 की मौत

Storm and Rain : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार भोर तेज रफ्तार हवाओं के बीच बारिश से जनजीवन आंशिक रुप से प्रभावित हुआ। इस दौरान वर्षा जनित हादसों में कम से कम दो लोगों की मृत्यु हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गये। आंधी बारिश से सैकड़ों एकड़ फसल को नुकसान पहुंचा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि से प्रभावित जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नज़र रखें। आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें। घायलों का समुचित उपचार कराया जाए।

उन्होने कहा कि अधिकारी सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए आख्या शासन को भेजें, ताकि इस सम्बन्ध में अग्रेत्तर कार्यवाही की जा सके। जल जमाव की स्थिति होने पर प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। आगरा, मथुरा, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और फिरोजाबाद में आज सुबह से ही घने काले बादलों आसमान में अपना डेरा जमा लिया था। इस बीच कई इलाकों में धूल भरी आंधी के बीच बरसात शुरु हो गयी। फिरोज़ाबाद के नसीरपुर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से कुतकपुर गांव में दो मनरेगा मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया, जिसे अस्पताल भेजा गया है। मथुरा में बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया जिससे सुबह स्कूल और दफ्तर जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आगरा में कई इलाकों में जल भराव की सूचना है। बारिश के चलते तापमान में कमी दर्ज की गयी और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Exit mobile version