Student commits suicide : ग्रेटर नोएडा स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में शनिवार देर रात 21 वर्षीय बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के सुसाइड नोट में दंत चिकित्सा विभाग के एक पुरुष और एक महिला शिक्षक पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों ने जताया विरोध
सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। छात्रा के कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने विश्वविद्यालय के शिक्षकों पर मानसिक दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले कुछ समय से तनाव में थी। घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन हॉस्टल पहुंच गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
हिरासत में लिए गए 2 लोग
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया, ‘पुलिस को सूचना मिली थी कि एक छात्रा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।’ इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से काफी नाराज़ थे, उन्हें समझाकर शांत कर दिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्र के कमरे की गहन जांच की। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। छात्रों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और आरोपी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परिजनों और छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में छात्रों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई। पुलिस ने कहा कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...