Site icon Dainik Savera Times

तमिलनाडु ः मदुरै में ट्रेन हादसे की खबर से प्रदेश के कई जिलों में मातम

सीतापुर/लखनऊः तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के खड़े डिब्बे में शनिवार तड़के आग लगने की घटना में यात्रियों की मौत से उत्तर प्रदेश में मातम छा गया। एक जानकारी के अनुसार इस हादसे में उत्तर प्रदेश के कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई। ट्रेन हादसे में उत्तर प्रदेश के यात्रियों की मौत की खबर आने के बाद सीएम योगी ने गहरा दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवारों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की। योगी ने एक बयान में कहा कि मदुरै ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

मदुरै में जिस डिब्बे में आग लगी, वह एक ‘प्राइवेट पार्टी कोच’ (किसी व्यक्ति द्वारा बुक किया गया पूरा डिब्बा) था और उसमें सवार 65 यात्री उत्तर प्रदेश से मदुरै पहुंचे थे। दक्षिण रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि आग लगने की घटना में 10 यात्रियों की मौत होने की सूचना है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, हादसे के प्रभावित सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई और लखनऊ जिले के रहने वाले हैं। हादसे की खबर आने के बाद सीतापुर जिला मुख्यालय की आदर्श नगर कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। घटना में मारे गए दो लोग और घायल हुए छह लोग यहीं के रहने वाले हैं। सीतापुर के शास्त्री नगर मोहल्ले के एक व्यक्ति के भी हादसे में घायल होने की खबर है।

Exit mobile version