Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पति को दिया आधार कार्ड बनवाने का बहाना, बच्ची छोड़ प्रेमी संग भागी महिला; गुल्लक तक कर गई साफ

June 18, 2026

पति को दिया आधार कार्ड बनवाने का बहाना, बच्ची छोड़ प्रेमी संग भागी महिला; गुल्लक तक कर गई साफ

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपनी 14 महीने की बेटी को पड़ोसियों के पास छोड़कर कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। आरोप है कि महिला घर में रखी नकदी, जेवरात और अपनी मासूम बेटी की गुल्लक में जमा पैसे भी साथ ले गई। यह मामला मझोला थाना क्षेत्र की हाईडिल कॉलोनी का है। पीड़ित पति आकाश कश्यप ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर पत्नी की तलाश और कार्रवाई की मांग की है।

पति को दिया आधार कार्ड बनवाने का बहाना 

आकाश के अनुसार, 15 जून 2026 को उसकी पत्नी दीपा ने पड़ोसियों से कहा था कि वह आधार कार्ड से जुड़ा कुछ काम कराने जा रही है। जाते समय वह अपनी एक साल दो महीने की बेटी दृष्टि को पड़ोसियों के पास छोड़ गई। हालांकि, इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी।पीड़ित का आरोप है कि घर से जाते समय दीपा नकदी और कीमती जेवरात भी अपने साथ ले गई। इनमें चार जोड़ी पाजेब, उसके दिवंगत पिता की अंगूठी और मां के कुंडल शामिल हैं। आकाश का कहना है कि उसकी पत्नी बेटी की गुल्लक भी तोड़कर ले गई, जिसमें लगभग 40 से 45 हजार रुपये जमा थे।

पत्नी के गायब होने के बाद आकाश ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी कथित तौर पर देवेंद्र सैनी नाम के व्यक्ति के साथ चली गई है। आकाश ने यह भी दावा किया कि पत्नी के घर से निकलने से कुछ समय पहले एक अज्ञात महिला उससे मिलने आई थी। इसके बाद दीपा घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। इससे उसे पूरी घटना के पहले से सुनियोजित होने का शक है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि महिला और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया है। मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पीड़ित पति अपनी छोटी बेटी की देखभाल करते हुए न्याय की मांग कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें