Site icon Dainik Savera Times

पीओके के लोगों के तरफ से मांग उठेगी कि वह भारत में विलय चाहते हैं: Rajnath Singh

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता तथा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर(पीओके) में हालात ऐसे बन रहे हैं कि वहां लोगों के तरफ से मांग उठेगी कि वह भारत में विलय करना चाहते है। रक्षा मंत्री ने देवरिया से बीस किलोमीटर दूर गौरी बाजार में भाजपा प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी के समर्थन में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर अपना दावा कभी नहीं छोड़ेगा।

लेकिन इसे बलपूर्वक अपने कब्जे में करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी क्योंकि इसके लोग कश्मीर में विकास को देखने के बाद स्वयं इसमें शामिल होना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में काफी सुधार हुआ है तथा क्षेत्र में काफी आर्थिक प्रगति हो रही है और वहां पहले से ज्यादा शांति व्यवस्था लौटी है। यह सब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व फल है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने आधी सदी देश में चुनी हुई सरकारों को गिराने में लगा दी।

उन्होंने कहा कि अब तक देश में अनुच्छेद 356 के तहत 132 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया है, इनमें से 90 बार कांग्रेस के शासनकाल में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या हमारी सरकार के प्रधानमंत्री किसी चुनी हुई सरकार को गिराने में शामिल रहे हैं? उन्होंने कहा कि जब भी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई होती है तो विपक्षी कहते हैं कि लोकतंत्र खतरे में है।

Exit mobile version