Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

भड़के हाथी के रौंदने से तीन लोगों की मौत, CM Yogi ने किया दुःख व्यक्त

February 17, 2023

भड़के हाथी के रौंदने से तीन लोगों की मौत, CM Yogi ने किया दुःख व्यक्त

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल क्षेत्र में बृहस्पतिवार को यज्ञ समारोह के दौरान अचानक भड़के हाथी ने दो महिलाओं और एक बच्चे को रौंद दिया। इस घटना में तीनों की मौत हो गयी। हाथी को कड़ी मशक्कत के बाद काबू में किया गया।जिलाधिकारी कृष्ण करुणोश ने यहां बताया कि चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर माफी गांव में यज्ञ का कार्यक्रम हो रहा था। इसमें रस्म के लिये एक हाथी को भी लाया गया था। उन्होंने कहा कि यज्ञ में भजन-कीर्तन के दौरान हाथी अचानक भड़क गया और उसने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि इससे मौके पर भगदड़ मच गयी।

करुणोश ने बताया कि इस दौरान हाथी ने कांति देवी (55), कौशल्या देवी (50) और राजीव नामक व्यक्ति के चार वर्षीय बेटे को पैरों तले रौंद डाला। उन्होंने बताया कि इस हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही जबकि लड़के की इलाज के लिये अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गयी। सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की एक टीम तथा पुलिस बल ने कई घंटों की मशक्कत के बाद हाथी को काबू में किया। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के हैंडल से किये गये ट्वीट में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हाथी के हमले से हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें