Today Weather Update : दिवाली के बाद देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिणी, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। आपको बता दें कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप समेत दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 21 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर शुरू होगा। अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु और केरल के कोयंबटूर, नीलगिरी, इरोड, तिरुप्पुर, थेनी और तेनकासी जिलों के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। चेन्नई और आसपास के जिलों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम का रुख
बता दें कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 21 से 23 अक्टूबर के दौरान मध्य प्रदेश और विदर्भ में बारिश हो सकती है, जबकि 21 से 24 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में गरज और बिजली गिरने के आसार हैं। इसके अलावा, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी अगले 48 घंटों के दौरान बिजली गिरने और तूफ़ान की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना
IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिवाली की आतिशबाजी के बाद राज्य के कई इलाकों की वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है। मौसम विभाग शिमला ने 21 अक्टूबर को ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, 22 और 23 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले सप्ताह से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। दक्षिण और पहाड़ी राज्यों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखाई देगा। इससे दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और सर्दी का असर महसूस होने लगेगा। इस बीच, विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखें, बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं से बचाएं और आवश्यक सावधानियां बरतें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...