Site icon Dainik Savera Times

बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान में जुड़े कुल 28.85 लाख नए सदस्य

महा अभियान में कुल 69.08 करोड़ रुपए की शेयर धनराशि हुई अर्जित

लखनऊः प्रदेश में 1 से 30 सितंबर 2023 तक संचालित किए गए बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान- 2023 ने अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यह महा अभियान चलाया गया, जिसमें 20 लाख लक्ष्य के सापेक्ष कुल 28.85 लाख बी-पैक्स में नए सदस्य बने तथा 69.08 करोड़ रुपए की धनराशि अर्जित की गई। योगी सरकार का मानना है कि बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा। बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान की सफलता से जिला सहकारी बैंकों का कैपिटल बेस मजबूत होगा तथा ऋण वितरण में वृद्धि होगी। बी-पैक्स को भी 10 लाख तक की कैश क्रेडिट लिमिट दी जाएगी, जिससे किसानों को बी-पैक्स के माध्यम से खाद,बीज की उपलब्धता सुलभ होगी। अभियान की सफलता दर्शाती है कि सहकारी क्षेत्र में आमजन का विश्वास बढ़ा है तथा प्रदेश सरकार की वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी को प्राप्त करने में सहायक होगी।

सदस्य बनाने में शीर्ष पर रहा शाहजहांपुर
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान बी-पैक्स में बने कुल 28.85 लाख सदस्यों में 18.77 लाख लघु एवं सीमांत कृषक (2 हेक्टेयर से कम जोत), 48,570 बड़े कृषक (2 हेक्टेयर से अधिक जोत) के साथ ही 2.01 लाख कुशल श्रमिक, 4.86 लाख अकुशल श्रमिक, 2.62 लाख पशुपालक तथा 7,633 मत्स्यपालकों ने बी-पैक्स की सदस्यता ग्रहण की। सबसे ज्यादा सदस्यता ग्रहण कराने तथा शेयर कैपिटल एकत्र करने में जनपद शाहजहांपुर प्रथम स्थान पर रहा। शाहजहांपुर में कुल 1,25,022 बी-पैक्स सदस्य बने तथा कुल 3,00,67,023 रुपए की शेयर धनराशि अर्जित हुई।

Exit mobile version