
यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां रविवार दोपहर पिता-पुत्र सूतिया नाले में मछली पकड़ने गये थे। इसी दौरान मगर मच्छ ने उन पर हमला कर दिया। पुत्र तो किसी तरह से मगरमच्छ के चंगुल से बच गया लेकिन पिता को गहरे पानी के अंदर खींच ले गया। घटना की सूचना मिलने पर गोताखोर मौके पर पहुंचे लेकिन काफी तलाश करने के बाद भी शाम तक कुछ नहीं पता चल सका।
युवक की चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार गांव जयंदरपुर निवासी रामसागर निषाद (50) पुत्र कामता दोपहर बेटे विष्णु निषाद के साथ सुतिया नाले में मछली पकड़ने गए थे। इस बीच नाले में मौजूद मगरमच्छ ने हमला कर दिया। विष्णु तो बच गया, पर रामसागर को मगरमच्छ गहरे पानी में खींच ले गया। जिसके बाद युवक की चीख-पुकार सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गये।
सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों के जरिये तलाश शुरू कराई। शाम तक उनका कुछ पता नहीं लगा था। शारदानगर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में एक ग्रामीण लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार की नियमानुसार मदद की जाएगी। इस वक्त नदी नाले के करीब जाने से एहतियात बरतनी चाहिए।