यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जहां, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों में आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ में तैनात वाराणसी निवासी सिपाही जावेद अशरफ का परिवार लखनऊ जा रहा था। दुर्घटना में जावेद की पत्नी और चार बच्चों की मौत हो गई। हादसे के समय कार को जावेद के साले जिशान (30) चला रहे थे, जो मऊ जिले के रहने वाले हैं।
मृतकों के नाम
-गुलिस्ता (49) – पत्नी
-समरीन (22) – बेटी
-इल्मा (12) – बेटी
-इश्मा (6) – बेटी
-जियान (10) – बेटा
कैसे हुआ हादसा
परिवार आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रहा था। रास्ते में डीह गांव के पास जिशान ने कार थोड़ी देर के लिए रोकी ताकि परिवार पानी पी सके। इसी दौरान, आजमगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ब्रेजा कार ने पीछे से वैगनआर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसके तुरंत बाद जोर का धमाका हुआ और दोनों कारों में आग लग गई।
धमाके के बाद कारें बनीं आग का गोला
ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार एक तेज धमाका सुनाई दिया। 8–10 सेकंड तक चीखें सुनाई देती रहीं। कुछ ही पलों में दोनों कारें पूरी तरह आग के गोले में बदल गईं।
घटनास्थल पर दिखा दर्दनाक दृश्य
बचाव के लिए यूपीडा की टीम, फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। गुलिस्ता और जियान के शव कार से कुछ दूरी पर मिले। कार में फंसी समरीन, इल्मा और इश्मा बुरी तरह जल चुकी थीं। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
सीएनजी सिलिंडर फटने की आशंका
एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार, भिड़ंत के बाद वैगनआर के सीएनजी सिलिंडर के फटने से आग लगने की संभावना है। विशेषज्ञ इसकी जांच कर रहे हैं।
दूसरी कार में सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल
ब्रेजा कार में दिल्ली के दक्षिणपुरी निवासी लोग सवार थे। सभी गंभीर घायल हुए। सभी को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

