बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के नरसेना क्षेत्र में भुने हुए चने खाने के बाद एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई तथा दो अन्य बीमार हो गये। एक खाद्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। सहायक खाद्य आयुक्त विनीत कुमार ने सोमवार को बताया कि नरसेना थानाक्षेत्र के बरवाला में एक परिवार के लोगों ने रविवार शाम भुने चने खाए थे जिसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं।
कुमार ने बताया कि कुछ देर बाद उनमें से कलुआ (45) और गोलू (आठ) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चने खाने के बाद बीमार हुए दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार से ताल्लुक रखने वाले लवकुश ने बताया कि रविवार शाम को दौलतपुर बाजार से चने लाये गये थे जिन्हें खाने के बाद परिवार के सदस्यों को उल्टियां होने लगीं। सहायक आयुक्त कुमार ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। उसने जांच शुरू कर दी है।

