Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

हथियार मामले में युवक को फंसाने के आरोप में दो पुलिस कर्मी लाइनहाजिर

September 28, 2023

हथियार मामले में युवक को फंसाने के आरोप में दो पुलिस कर्मी लाइनहाजिर

मेरठः मेरठ जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक बाइक में खुद ही तमंचा रखकर उसकी बरामदगी दिखाते हुए एक युवक को गिरफ्तार करने के आरोपी दो पुलिसर्किमयों को लाइन हाजिर कर जांच शुरु कर दी गयी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। युवक को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। उसके परिवार वालों का आरोप है कि खरखौदा थाने में तैनात सिपाही संतोष कुमार और दिनेश पिछले मंगलवार की रात खंदावली गांव में उनके आवास पर तलाशी लेने के लिए पहुंचे और दावा किया कि उन्हें घर में अवैध हथियार रखे होने की सूचना मिली है।

परिजनों के अनुसार, तथाकथित तलाशी के दौरान बाइक से एक देशी पिस्तौल बरामद की गई लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि दोनों पुलिसर्किमयों ने यह पिस्तौल खुद ही बाइक में रखी थी। गिरफ्तार युवक के परिवार के सदस्य सीसीटीवी फुटेज लेकर बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक नचिकेता झा के कार्यालय पर पहुंचे और उन्हें पूरी रिकार्डिंग दिखाई। झा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण को मामले की जांच के आदेश दिये। सजवाण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपी पुलिसर्किमयों को खरखौदा पुलिस थाने से हटाकर लाइनहाजिर कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) कमलेश बहादुर को मामले की जांच सौंपी गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर तंज किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पहले ख़ुद ही रखकर फिर करते हैं बरामद, झूठी है इनकी दबिश और झूठी है हिरासत।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें