Site icon Dainik Savera Times

उप्र महाकुंभ मेला ‘खोया-पाया केंद्र’ महाकुंभ में होंगे दस डिजिटल ‘खोया-पाया केंद्र’; मिलेगी सारी जानकारी

PM Modi and CM Yogi

PM Modi and CM Yogi

महाकुम्भ नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस ने लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए महाकुंभ मेला क्षेत्र में दस अत्याधुनिक डिजिटल ‘खोया-पाया केंद्र’ स्थापित किए हैं। अधिकारियों ने यहां बताया कि इन केंद्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिसमें श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए प्रतीक्षा कक्ष और चिकित्सा कक्ष शामिल हैं। परिवारों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं और बच्चों के लिए अलग से जलपान क्षेत्र की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सभी केंद्रों में 55 इंच का एलईडी स्क्रीन लगाया गया है। इसे लाउडस्पीकर से जोड़ा गया है। इससे खोया-पाया सामान और व्यक्तियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं इन केंद्रों पर महाकुम्भ से संबंधित घाटों और मार्गों के बारे में सारी व्यवस्थाओं की भी सूचना श्रद्धालुओं के साथ साझा की जाएगी।

अपर महानिदेशक (एडीजी) जोन भानु भास्कर ने बताया कि महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन और स्नान आदि की सुरक्षित व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सहायता, सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 10 कंप्यूटराइज्ड खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। संगम वापसी मार्ग के पश्चिमी छोर पर स्थित मुख्य मॉडल केंद्र में सामान्य दिनों में पांच कर्मचारी और स्नान पर्व के दौरान नौ कर्मचारी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि खोए- पाए व्यक्तियों की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी और सूचना देने वालों को संदर्भ के लिए कम्प्यूटरीकृत रसीद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लापता व्यक्तियों की आसान पहचान के लिए उनकी तस्वीरें और विवरण 55 इंच की एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित किए जाएंगे और सभी केंद्र आधुनिक संचार नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इसके लिए फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर भी जानकारी साझा की जाएगी। डिजिटल केंद्र लापता बच्चों, मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामानों को खोजने में सहायता करेंगे। अधिकारी ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए पूरे मेला परिसर में पूछताछ केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर महाकुंभ, प्रयागराज शहर और मेला क्षेत्र से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी।

ये भी पढ़ें: अटल पेंशन योजना को बड़ी सफलता, नामांकन 9 करोड़ के पार पहुंचा

Exit mobile version