बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में श्रीनाथ बाबा मठ के पीठाधीश्वर एवं महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि पर हमला करने के मामले में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनय जायसवाल सहित कुल 113 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक पत्रकार सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार रसड़ा कस्बे का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि व उनके समर्थक और जायसवाल व उनके समर्थक कथित तौर पर आपस में मारपीट करते दिख रहे हैं।
‘महंत को जान से मार डालो’… पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला किया दर्ज
रसड़ा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि की तहरीर पर सोमवार रात बसपा नेता विनय जायसवाल, पत्रकार शिवा जी बागले सहित 13 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, महंत कौशलेंद्र गिरी मठ में सोमवार को श्रवण माह के अनुष्ठान की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ लोग मठ में घुस आए और नारेबाजी शुरू कर दी। जब उन्होंने विरोध किया तो विनय जायसवाल ने कथित रूप से ललकारते हुए कहा कि ‘‘महंत को जान से मार डालो’’। इसमें कहा गया कि सके बाद उन पर हमला किया गया और मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गए।
विनय जायसवाल ने लगाया ये आरोप
वहीं, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनय जायसवाल ने मीडिया से कहा कि वह रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करने गए थे, जो कि रामलीला कमेटी के अनुरोध पर किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां महंत कौशलेंद्र गिरि ने उनके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि उन्हें महंत से जानमाल का खतरा है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि मामला पारंपरिक रामलीला समिति और मठ परिसर से जुड़े विवाद से संबद्ध है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष और कुछ अन्य लोगों ने कथित तौर पर मौके पर हिंसा भड़काने की कोशिश की और महंत गिरि के साथ र्दुव्यवहार किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मठ और महंत के खिलाफ नगर में दुष्प्रचार करने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ने संबंधित पुलिस बल के साथ आवशय़क कार्रवाई की है।
अब तक पांच लोग गिरफ्तार
कोतवाली प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पत्रकार शिवा जी बागले, संजय जायसवाल, संजीत जायसवाल, नौशाद और राज अली शामिल हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई के मीडिया प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाथ संप्रदाय से जुड़े होने के कारण उनका श्रीनाथ बाबा मठ और पीठाधीश्वर कौशलेंद्र गिरि से विशेष जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इस मठ पर कई बार आ चुके हैं।

