Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP NEWS : CBI ने ग्रामीण बैंक के ब्रांच मैनेजर समेत दो को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

December 7, 2025

UP NEWS : CBI ने ग्रामीण बैंक के ब्रांच मैनेजर समेत दो को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

आजमगढ़। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उत्तर प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों की गिरफ्तारी की है। जांच एजेंसी ने ग्रामीण बैंक की दुर्वासा शाखा (जिला आजमगढ़) के ब्रांच मैनेजर और एक कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

रिश्वत लेने के दोनों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई की लखनऊ इकाई को शिकायत मिली थी कि दुर्वासा ब्रांच के ब्रांच मैनेजर ने एक किसान से 2 लाख 52 हजार रुपए के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन पास करने के बदले 10 प्रतिशत यानी 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की है। बातचीत के बाद रकम 20 हजार रुपए तय हुई। किसान ने इसकी शिकायत सीबीआई से की।

शिकायत की पुष्टि होने पर सीबीआई ने 5 दिसंबर 2025 को ब्रांच मैनेजर और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। अगले ही दिन 6 दिसंबर को सीबीआई की टीम ने सावधानीपूर्वक जाल बिछाया। तय समय पर जब शिकायतकर्ता किसान ब्रांच मैनेजर को 20 हजार रुपए की रिश्वत सौंप रहा था तो सीबीआई ने छापा मारकर दोनों को मौके पर धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के ठिकानों पर सीबीआई ने छापेमारी की। महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। एजेंसी का कहना है कि जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये आरोपी पहले भी इसी तरह किसानों और ग्राहकों से रिश्वत लेते रहे हैं। बैंक के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें