UP Police constable Bharti 2025 : उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को राजधानी लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में 60,244 नवचयनित पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस विशाल भर्ती प्रक्रिया को बड़ी कुशलता और निष्पक्षता के साथ पूरा किया। आधुनिक तकनीक के प्रयोग और पारदर्शी प्रक्रिया ने इसे एक आदर्श भर्ती के रूप में स्थापित किया है। इस उपलब्धि ने न केवल यूपी पुलिस की कार्यकुशलता को मजबूत किया है बल्कि युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी प्रदान किए हैं।
समारोह की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को डिफेंस एक्सपो ग्राउंड का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी दोपहर में ग्राउंड का दौरा किया और सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और परिवहन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और परिवहन के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि 60,244 नव आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने का समारोह ऐतिहासिक होगा। अभ्यर्थियों को उनके गृह जिलों से लखनऊ लाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। रास्ते में उनके भोजन और अन्य जरूरतों का ख्याल रखा जा रहा है। प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए एक मध्यवर्ती जिला आवंटित किया गया है, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे और सुबह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इसके साथ ही समारोह में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।

