Site icon Dainik Savera Times

50 हजार इनामी बदमाश का UP पुलिस ने किया एनकाउंटर, SP के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली

UP police encounter

UP police encounter

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद मारा गया। पुलिस के दो जवान घायल हुए हैं, जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार तड़के करीब 3 बजे की है। थाना बुढ़ाना, तितावी और शाहपुर की पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में गश्त कर रही थी। तभी पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

जवाबी फायरिंग में मारा गया इनामी बदमाश
पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसकी पहचान अमजद के रूप में हुई, जो शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसोली का रहने वाला था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घायल अमजद को तुरंत बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरा बदमाश फरार
अमजद का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल हो गया। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

पुलिसकर्मी भी हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान पुलिस के दो जवान घायल हो गए। दरोगा संदीप व सिपाही अशफाक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। इस दौरान एसपी देहात आदित्य बंसल भी मौके पर मौजूद थे। उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। उनकी सरकारी गाड़ी में भी गोली के निशान मिले हैं।

बदमाश से क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अमजद के पास से कई चीजें बरामद की हैं। जिसमें एक पिस्टल, एक कार्बाइन, कुछ जेवर, कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज इन सामानों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि ये किस अपराध से जुड़े हैं।

अमजद का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक अमजद एक अंतरराज्यीय स्तर का अपराधी था। उसके खिलाफ कई जिलों में गंभीर मामले दर्ज थे, जिनमें शामिल हैं हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित उस पर करीब 40 मुकदमे दर्ज थे। वह बुढ़ाना कोतवाली में दर्ज लूट के दो मामलों में वांछित चल रहा था।

पुलिस का आया बयान
एसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही थी। बदमाशों ने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। फरार बदमाश को पकड़ने के लिए अभियान जारी है।

Exit mobile version