Site icon Dainik Savera Times

UP: ट्रक ने वाहन में टक्कर मारी, चार की मौत

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक ट्रक ने ‘लोडर’ (सामान ढोहने के लिए छोटा वाहन) वाहन को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 12 लोग घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार देर रात की है, जब मध्यप्रदेश के दतिया में स्थित मां पीतांबरा देवी के मंदिर के दर्शन कर कुछ लोग ‘लोडर’ वाहन से अपने गांव मुहाना कोतवाली डाकोर लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया राष्ट्रीय राजमार्ग पर केथेरी टोल के पास एक ट्रक ने पीछे से वाहन को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि वाहन पलटने से उसमें सवार मुन्नी देवी (50), अनिरुद्ध (दो), प्रियंका (28) तथा राम सहोदर (16) की घटनास्थल पर मौत हो गई तथा कम से कम 12 लोगों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज उरई लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया टक्कर मारने वाले ट्रक चालक की पहचान सीसीटीवी कैमरे की मदद से करने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version