वाराणसी। यूपी के वाराणसी में हुए सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण में गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने कार्यालय में अब तक की गई कार्रवाई के बारे में मीडिया को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए सीपी ने कहा कि इस मामले की जांच अब एसआईटी करेगी। 30 दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। इससे पहले आरोपी के परिजनों ने सीपी को ज्ञापन साैंपा है। कहा कि अगर इतने दिनों से लड़की के साथ गलत काम हो रहा था तो वह पुलिस के पास क्यों नहीं गई? सीपी ने कहा कि ज्ञापन में कहा गया है, लड़की के शरीर पर कोई निशान नहीं हैं, यह बड़ा सवाल और जांच का विषय है।
परिजनों ने यह भी कहा कि कथित दुष्कर्म मामले में लड़की के आरोपी के परिजनों से पैसे मांगे जा रहे हैं। आरोपियों के परिजनों ने कई सबूत भी उपलब्ध कराएं हैं। वीडियो और इंस्टा के चैट भी हैं। बताया कि चैट में युवती आरोपी लड़के से कैफे में आने की बात लिख रही है। लड़की ने खुद लिखा है कि मैं कैफे में पहुंच रही हूं…। यह चैटिंग 2-3 अप्रैल की है, जिस अवधि में लड़की खुद को बंधक बता रही थी।
एक सीपी ने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि युवती की सहेली का घर उसके घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है, तो उसने अपने माता-पिता से इस दाैरान क्यों नहीं बातचीत की? पुलिस आयुक्त ने परिजनों को आश्वस्त किए कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तभी होगी, जब एसआईटी उनके खिलाफ कोई सबूत पेश करेगी। ये भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी व्यक्ति के साथ धनउगाही न हो।

