यूपी डेस्क। दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक विजय सिंह गोंड का निधन हो गया। वे लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली है।बताया गया कि वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं। विजय सिंह गोंड को कुछ दिनों पहले लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही दुद्धी समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
फेसबुक पर भावुक संदेश किया गया साझा
विधायक विजय सिंह गोंड के फेसबुक पेज से एक भावुक संदेश साझा किया गया। इस पोस्ट में उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया गया कि उनका अंतिम संस्कार कनहर नदी घाट पर किया जाएगा। पोस्ट में उन्हें दुद्धी की जनता का सच्चा और जनप्रिय नेता बताया गया।
गरीबों और आदिवासियों की आवाज थे विजय सिंह गोंड
फेसबुक पोस्ट में लिखा गया कि दुद्धी की धरती आज शोक में डूबी हुई है। विजय सिंह गोंड सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि वे गरीबों, वंचितों, आदिवासियों और आम जनता की मजबूत आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा और उनके अधिकारों की लड़ाई में लगा दिया।
देखें वीडियोः गोला रोड पर एक घंटे तक बवाल, नशे में धुत थार चालक ने 6 लोगों को कुचला
आठ बार विधायक चुने गए
विजय सिंह गोंड उत्तर प्रदेश की राजनीति के बड़े नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने आठ बार विधायक का चुनाव जीतकर जनता का भरोसा हासिल किया। वे सत्ता से ज्यादा सेवा में विश्वास रखने वाले नेता थे और हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए काम करते रहे।
अखिलेश यादव ने जताया गहरा दुख
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विजय सिंह गोंड के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “दुद्धी से सपा विधायक श्री विजय सिंह गोंड जी का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।”
दुद्धी से सपा विधायक श्री विजय सिंह गौड़ जी का निधन, अत्यंत दुःखद !
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।
भावभीनी श्रद्धांजलि ! pic.twitter.com/uawelUIkTA
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 8, 2026
पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति – अखिलेश यादव
अस्पताल पहुंचने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि विजय सिंह गोंड ने जीवन भर आदिवासी भाई-बहनों के हक के लिए संघर्ष किया। जनता ने हमेशा उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने एक जमीनी और संघर्षशील आदिवासी नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना बहुत मुश्किल है।
पढ़ें ये खबरः 10 बेटियों के बाद पैदा हुआ बेटा, फिर भी नॉर्मल हुई डिलीवरी, पढ़ें सुनीता की अनोखी कहानी

