Site icon Dainik Savera Times

कौन हैं पकंज चौधरी जो बनाए जा सकते हैं यूपी बीजेपी अध्यक्ष, अचानक क्यों आए चर्चा में

Pankaj Chaudhary UP BJP presiden

Pankaj Chaudhary UP BJP presiden

UP BJP President Election : उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संगठन को मजबूत करने में जुटी है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इन चर्चाओं में जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है, वह है केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का। पंकज चौधरी इस समय केंद्र सरकार में वित्त राज्यमंत्री हैं और उत्तर प्रदेश के महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सात बार सांसद रह चुके हैं। पार्टी के भीतर उनकी पहचान एक शालीन, सरल और जमीन से जुड़े नेता के रूप में है।

पंकज चौधरी का राजनीतिक सफर
पंकज चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत साल 1989 में की थी। उन्होंने गोरखपुर नगर निगम से पार्षद का चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा। उसी साल गोरखपुर से अलग होकर महाराजगंज नया जिला बना। इसके बाद से महाराजगंज ही उनकी राजनीति का मुख्य केंद्र बन गया। साल 1991 में पंकज चौधरी ने महाराजगंज से पहली बार लोकसभा चुनाव जीता। इसके बाद उन्होंने लगातार सात बार इस सीट से जीत दर्ज की। लगातार जीत और क्षेत्र में मजबूत पकड़ के कारण उनका कद न सिर्फ पूर्वांचल बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति में बढ़ता गया।

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि
पंकज चौधरी का जन्म 20 नवंबर 1964 को गोरखपुर, उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की। उनका परिवार पहले से ही सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय रहा है। उनकी माता उज्ज्वल चौधरी महाराजगंज की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। पंकज चौधरी जमींदार पृष्ठभूमि से आते हैं और उनका परिवार क्षेत्र में अच्छी पकड़ रखता है। उनका विवाह 11 जून 1990 को भाग्यश्री चौधरी से हुआ। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

बीजेपी के लिए क्यों अहम हैं पंकज चौधरी
पंकज चौधरी कुर्मी समुदाय के बड़े और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। पूर्वांचल में कुर्मी वोट बैंक को साधने में उनकी भूमिका काफी अहम मानी जाती है। साल 2021 में बीजेपी ने उन्हें वित्त राज्यमंत्री बनाकर कुर्मी समाज के बीच मौजूद नाराजगी को कम करने की कोशिश की थी। इसके बाद 2024 में उन्हें दोबारा केंद्र सरकार में जगह देकर पार्टी ने साफ संकेत दिया कि वह कुर्मी वोट बैंक को मजबूत करना चाहती है।

ओबीसी और सवर्ण समीकरण साधने की क्षमता
पंकज चौधरी की सबसे बड़ी ताकत उनकी चुनावी जीत का रिकॉर्ड और संतुलित राजनीतिक रणनीति मानी जाती है। अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने कुर्मी, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और सवर्ण समाज के बीच संतुलन बनाकर रखा है। यही वजह है कि बीजेपी उन्हें ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने वाला भरोसेमंद चेहरा मानती है।

पूर्वांचल में बीजेपी का मजबूत चेहरा
बीजेपी के भीतर पंकज चौधरी को पूर्वांचल में पार्टी का एक मजबूत और संतुलित नेता माना जाता है। संगठन और सरकार दोनों का अनुभव होने के कारण पार्टी नेतृत्व उन्हें यूपी की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी देने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। आने वाले समय में उनकी भूमिका और भी अहम हो सकती है।

Exit mobile version