Wife killed Husband : मेरठ में एक और हत्या के मामले ने सबको चौंका दिया है। कुछ दिन पहले मेरठ की मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी थी और शव के टुकड़ों को नीले रंग के ड्रम में डालकर उसमें सीमेंट भर दिया था। लेकिन 2 हफ्ते पहले हुई इस हत्या के नए खुलासे ने सबको चौंका दिया है। 23 जून को मेरठ में सुभाष नाम के शख्स की हत्या कर दी गई थी, जिसमें उसकी पत्नी और बेटी दोनों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पत्नी और बेटी ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
खेत में पानी लगाकर लौट रहे सुभाष को मारी गोलियां-
मेरठ के एसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, 23 जून को सुभाष खेत में पानी लगाकर लौट रहा था। रास्ते में उसे बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। सुभाष को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
हत्याकांड में पत्नी और बेटी समेत 5 गिरफ्तार-
मेरठ के एसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पूरी घटना में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मृतक सुभाष की पत्नी कविता और बेटी सोनम शामिल हैं। इस हत्याकांड में सोनम के दोस्त विपिन को भी गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों में गुलजार (सुभाष की पत्नी का प्रेमी) और अजगर उर्फ शिवम शामिल हैं।
प्रेम संबंधों के कारण होता था विवाद-
पुलिस अधिकारी के अनुसार, सुभाष की बड़ी बेटी पहले ही प्रेम विवाह कर चुकी थी। इसी तरह, दूसरी बेटी सोनम अपने दोस्त विपिन के साथ प्रेम विवाह करना चाहती थी। सुभाष की पत्नी का गुलजार नामक आरोपी से प्रेम संबंध था। इन बातों को लेकर सुभाष अपनी पत्नी और बेटी से विवाद करता था। मां और बेटी ने मिलकर सुभाष को खत्म करने की योजना बनाई।
पत्नी और बेटी ने बनाई योजना-
अधिकारी ने बताया कि सुभाष की पत्नी और बेटी ने इस योजना में अपने प्रेमियों को शामिल किया। विपिन, गुलजार और उनके एक दोस्त अजगर उर्फ शिवम ने 23 जून को सुभाष पर हमला किया। अजगर उर्फ शिवम ने सुभाष को गोली मारी, जिसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...