Site icon Dainik Savera Times

दुनिया ने करगिल युद्ध में भारतीय जवानों के अदम्य शौर्य और साहस का लोहा माना: CM योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि दुनिया ने करगिल युद्ध के दौरान भारतीय जवानों के अदम्य शौर्य और साहस का लोहा माना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेंट्रल कमांड, कैंट के सूर्या सभागार में करगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित रजत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि करगिल युद्ध भारत पर थोपा गया था लेकिन किन्तु युद्ध का परिणाम क्या होगा यह हमारे बहादुर जवानों ने तय किया। यहां जारी एक बयान के अनुसार योगी ने करगिल विजय दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जिन वीर नारियों और परिवारों ने करगिल युद्ध में अपने परिवार के सदस्यों को खोया है, आज उन्हें सम्मानित कर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

योगी ने कहा, ‘‘देश की सीमा की रक्षा करने वाले बहादुर जवानों के साथ राज्य सरकार हमेशा खड़ी है। हमारा जवान किसी भी युद्ध या सीमा की सुरक्षा करते हुए शहीद होता है, तो राज्य सरकार की ओर उसके परिवार को आज 50 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। साथ ही उस परिवार के एक सदस्य की नौकरी भी व्यवस्था सुनिश्चित की है।’’

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडेय के पिता, राइफलमैन सुनील जंग की माता, नायक आबिद खान की माता, नायक रामकेश चंद्र यादव की पत्नी, नायक राजेंद्र यादव की पत्नी, लांस नायक अशोक कुमार यादव के बेटे, ब्रिगेडियर अखिल कुमार सिन्हा, कर्नल प्रभात रंजन, कर्नल ज्ञनेंद्र प्रताप सिंह कौशिक, कर्नल क्षितिज श्रीवास्तव, नायक जितेंद्र सिंह और सिपाही विनोद कुमार दुबे को सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अमर जवानों के स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अíपत करते हुए उन्हें नमन किया। करगिल विजय दिवस 1999 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के उपलक्ष्य में हर साल 26 जुलाई को मनाया जाता है।

Exit mobile version