Site icon Dainik Savera Times

इस राज्य में पांच साल तक के सभी E-Challan होंगे माफ, जानें इसका पूरा नियम

यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीवाली से पहले लाखों वाहन मालिकों को बड़ी राहत दी। जहां, परिवहन विभाग ने 2017 से 2021 तक के गैर-कर ई-चालानों को समाप्त करने का फैसला लिया है। जिसके बाद अब इन लोगों को चालान का एक रुपए भी नहीं देना होगा। परिवहन विभाग ने इनकी गाड़ियों के काटे गए चालान को पूरी तरह से माफ कर दिया है। इस फैसले से यूपी में कुल 12.93 लाख लोगों को इसका फायदा मिलेगा।

 

किसे मिलेगा फायदा?
2017 से 2021 के बीच काटे गए चालान माफ किए जाएंगे। वे चालान, जो कोर्ट में लंबित थे या जिनकी समय-सीमा खत्म हो चुकी थी, अब पूरी तरह खत्म माने जाएंगे। इस फैसले से करीब 12.93 लाख वाहन मालिकों को सीधा फायदा होगा।

 

किसका चालान नहीं होगा माफ?
कुछ मामलों में चालान माफी नहीं मिलेगी, जैसे कि टैक्स से जुड़े चालान, सड़क दुर्घटना से संबंधित चालान व IPC यानी भारतीय दंड संहिता से जुड़े गंभीर अपराधों वाले चालान माफ नहीं किये जाएंगे।

 

क्यों लिया गया यह फैसला?
अब तक कई गाड़ियों पर लाखों रुपये तक के चालान लंबित थे। जिसकी वजह से गाड़ी बेचने में दिक्कत आ रही थी। फिटनेस, परमिट और वाहन ट्रांसफर जैसे काम अटक रहे थे। कई लोगों को हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) बनवाने में परेशानी हो रही थी। इस फैसले के बाद गाड़ी मालिक बिना किसी टेंशन के ये सारे काम आसानी से कर पाएंगे।

 

चालान माफी का प्रोसेस कैसे होगा?

परिवहन विभाग ने चालान खत्म करने की प्रक्रिया दो हिस्सों में बांटी है।

  1. कोर्ट में लंबित चालान – इन्हें पोर्टल पर Disposed Abated के रूप में दिखाया जाएगा।
  2. ऑफिस लेवल पर लंबित चालान – यानी जो समय-सीमा पार कर चुके हैं लेकिन कोर्ट नहीं गए, इन्हें Closed Time-Bar (Non-Tax) कैटेगरी में दिखाया जाएगा।

 

कितने दिनों में होगा काम पूरा?

-विभाग ने तय किया है कि यह पूरा काम 30 दिनों में पूरा किया जाएगा।

-हर हफ्ते इसकी प्रगति रिपोर्ट डैशबोर्ड पर डाली जाएगी।

-काम पूरा होने के बाद गाड़ी मालिक परिवहन पोर्टल पर जाकर अपने चालान की स्थिति चेक कर सकेंगे।

 

अब तक कितने चालान हुए खत्म?

-2017 से 2021 के बीच 30.52 लाख ई-चालान काटे गए थे।

-इनमें से 17.59 लाख चालान पहले ही निपटा दिए गए हैं।

-अब 12.93 लाख चालान बचे थे, जिन्हें इस फैसले से खत्म कर दिया जाएगा।

 

क्या बोले परिवहन आयुक्त?
यूपी परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने कहा यह फैसला वाहन मालिकों को अनावश्यक परेशानियों से छुटकारा दिलाएगा। 30 दिनों के भीतर सभी चालान खत्म कर दिए जाएंगे। इस कदम से परिवहन विभाग का डिजिटल सिस्टम भी और मजबूत होगा। फिटनेस, परमिट और एचएसआरपी जैसे काम अब आसानी से हो सकेंगे।

 

मदद के लिए कहां संपर्क करें?

-हेल्पलाइन नंबर: 149

-नजदीकी RTO/ARTO ऑफिस

 

Exit mobile version