Site icon Dainik Savera Times

महाकुंभ 2025 : हर घर जल गांव बसाएगी योगी सरकार, 40 हजार स्क्वायर फिट एरिया में शुरू हुई तैयारी

UP Tourism

UP Tourism

लखनऊ/महाकुंभनगर। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार महाकुम्भ-2025 में एक ‘‘हर घर जल’’ गांव बसाएगी जो 40 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में फैला होगा। मेला प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि इस गांव में जहां एक तरफ जल जीवन मिशन बुंदेलखंड के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने की कहानी बतायी जाएगी, वहीं महाकुम्भ में प्रदेश के नए गांवों की सफलता की दास्तां से भी श्रद्धालु एवं पर्यटक परिचित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में ग्रामीण जलापूर्ति और नमामि गंगे विभाग महाकुम्भ में इसकी तैयारी कर रहा है। यहां पांच जनवरी से 26 फरवरी तक प्रदर्शनी लगाई जाएगी जिसमें अलग-अलग कार्यक्रम भी होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण जलापूर्ति और नमामि गंगे विभाग की तरफ से महाकुम्भ में जल मंदिर भी बनाया जाएगा जिसमें भगवान शिव की जटा से गंगा धरती पर उतरती दिखाई देंगी। जल मंदिर में सुबह-शाम जल आरती भी होगी। अधिकारियों ने बताया कि पांच जनवरी से लगने वाली प्रदर्शनी में बुंदेलखंड की ग्रामीण महिलाओं को मंच मुहैया कराया जाएगा, जिसमें वे बुंदेलखंड में बदलाव की कहानी बयां करेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, तेलुगु और मराठी भाषाओं में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी जिससे लोग जल जीवन मिशन के माध्यम से आए बदलाव के बारे में जान सकेंगे। प्रदर्शनी में जल जीवन मिशन से विंध्य-बुंदेलखंड में आए बदलाव की कहानियां का संकलन एक पुस्तक में भी किया जाएगा।

Exit mobile version