Aaj ka mausam 3 Jan 2026: नए साल की शुरुआत देश के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई है। जनवरी के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज ऐसा बना हुआ है कि सुबह और देर रात घर से निकलना लोगों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। उत्तर भारत की सड़कों पर कोहरे की मोटी परत देखने को मिल रही है, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। उत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक सर्द मौसम बना रह सकता है। कई इलाकों में रात और सुबह के समय घना से बेहद घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।
ये भी पढ़ें- मीन राशि वाले सावधान! हो सकती है धनहानि, जानें अन्य राशियों का हाल
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। मध्य भारत में शुरुआती 24 घंटे तापमान स्थिर रह सकता है, लेकिन बाद में गिरावट संभव है। पूर्वी भारत में पहले हल्की बढ़ोतरी के बाद फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
दिल्ली में बढ़ेगी ठिठुरन
राजधानी दिल्ली में 3 जनवरी को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर और तेज हो जाएगा। कुछ क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिसका असर सड़क यातायात पर पड़ सकता है।
Watch video- 175 बीएन बीएसएफ मोहुरा ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 5 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया
इन राज्यों में लंबे समय तक कोहरा
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 5 से 7 दिनों तक कोहरे की पकड़ बनी रह सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 4 से 5 दिनों तक सुबह-शाम कोहरा परेशान कर सकता है। इस दौरान रेल, सड़क और हवाई सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट
बिहार में 4 और 5 जनवरी को कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 जनवरी को शीतलहर चलने की संभावना है। हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 से 6 जनवरी तक, जबकि पंजाब में 4 से 6 जनवरी के बीच ठंड और तेज हो सकती है। राजस्थान में 8 और 9 जनवरी को शीतलहर के हालात बनने के संकेत हैं।

