Site icon Dainik Savera Times

कश्मीर के मैदानी क्षेत्रों में पहली बर्फबारी के बाद तापमान में आई गिरावट

kashmir पहली बर्फबारी

kashmir पहली बर्फबारी

श्रीनगर : कश्मीर के मैदानी क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी होने के एक दिन बाद शुक्रवार को पूरी घाटी में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर शीतलहर का पूर्वानुमान किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों और कुछ मैदानी इलाकों में बर्फबारी के बाद घाटी में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि इसकी पिछली रात यह शून्य से 0.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल गुलमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। इसकी पिछली रात यह शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियसस नीचे दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ यात्र के आधार शिविर पहलगाम में बृहस्पतिवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही और यहां रात्रि तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि इसकी पिछली रात तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना
कश्मीर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग और सोनमर्ग, तंगमर्ग, गुरेज और जोजिला के लोकप्रिय पर्यटन स्थल सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार को हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि शोपियां, पुलवामा और बारामूला के मैदानी क्षेत्रों के कुछ इलाकों के साथ-साथ अनंतनाग, बडगाम और बांदीपुरा के ऊपरी इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है तथा अगले चार दिनों के दौरान कई स्थानों पर शीतलहर की स्थिति रहेगी।

Exit mobile version