Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर में फिर बादल फटने का खतरा, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

August 24, 2025

Jammu Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर में फिर बादल फटने का खतरा, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

Jammu-Kashmir cloudburst : जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम ने खतरे की घंटी बजा दी है। किश्तवाड़ में हाल ही में हुई तबाही के बाद मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए भारी बारिश और बादल फटने की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार 23 अगस्त से 27 अगस्त तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बादल फटने, अचानक बाढ़ आने और भूस्खलन जैसी आपदाओं की संभावना बनी हुई है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है।

मौसम विभाग की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग के श्रीनगर केंद्र ने भविष्यवाणी की है कि आगामी दिनों में जम्मू, रामबन और किश्तवाड़ जिलों सहित कई संवेदनशील इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। यह बारिश निचले इलाकों में बाढ़ और ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन का कारण बन सकती है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

मौजूदा स्थिति को देखते हुए तीनों जिलों के उपायुक्तों ने अलग-अलग चेतावनियां जारी की हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों को इमरजेंसी सप्लाई जैसे दवाइयां, जरूरी सामान और मोबाइल चार्ज आदि तैयार रखना चाहिए ताकि किसी भी आपदा के समय परेशानी न हो।

संवेदनशील क्षेत्रों के लिए खास निर्देश

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों की पहले से पहचान करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन में वहां स्थानांतरित होना चाहिए। साथ ही तेज बहाव वाली नदियों और अस्थिर ढलानों के पास जाने से पूरी तरह परहेज करने को कहा गया है।

हाई अलर्ट पर सरकारी विभाग

प्रशासन ने सभी सरकारी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। फील्ड स्टाफ को अपने-अपने मुख्यालयों पर तैनात रहने और आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सभी तहसीलदारों को निर्देश दिया गया है कि मौसम की स्थिति से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तुरंत उपायुक्त कार्यालय को दें।

इमरजेंसी नंबर जारी

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में पुलिस नियंत्रण कक्ष, जिला नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS) से तुरंत संपर्क करें। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र 27 अगस्त तक पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें