हिमाचल डेस्क. हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राज्य में अगले चार दिनों तक भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हो रहा है।
ये भी पढ़ें: 6 अक्टूबर को सोनम वांगचुक की रिहाई पर SC में होगी सुनवाई, पत्नी गीतांजलि ने दायर की थी याचिका
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, हिमाचल में 8 अक्टूबर तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक रहेंगी। 6 अक्टूबर को बारिश की तीव्रता सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम का हाल
5 अक्टूबर: अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना।
6 अक्टूबर: कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना।
7 अक्टूबर: कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
9 अक्टूबर: पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने का अनुमान।
जिलों के लिए मौसम अलर्ट
5 अक्टूबर
येलो अलर्ट: ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति। ऊंचाई वाले इलाकों की चोटियों पर बर्फबारी के भी आसार।
6 अक्टूबर
ऑरेंज अलर्ट: चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और लाहौल-स्पीति यहां भारी से बहुत भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना।
येलो अलर्ट: किन्नौर, हमीरपुर और ऊना जिलों में भारी बारिश की चेतावनी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में शराब बिक्री से सरकार मालामाल, राजस्व में 12% से अधिक की वृद्धि, नई नीति की तैयारी तेज़
7 अक्टूबर
येलो अलर्ट: ऊना, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश की संभावना। इसके अलावा शिमला जिले के लिए 5 से 7 अक्टूबर तक तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लें। भूस्खलन और ओलावृष्टि वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। किसान फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं।

