Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir Weather: कश्मीर में शीतलहर में आई तेजी, तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सैल्सियस नीचे किया गया दर्ज

Jammu Kashmir Weather: कश्मीर में शीतलहर की स्थिति और बढ़ गई है, क्योंकि न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है जिससे डल झील सहित कई जलाशयों के किनारे जम गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 3.4 डिग्री सैल्सियस नीचे से कम है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि शहर के कई इलाकों और घाटी में अन्य जगहों पर पानी की आपूर्ति लाइनें ठंड के कारण जम गई है।

स्कीइंग के लिए लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के समान ही था। पहलगाम, जो वार्षिक अमरनाथ यात्र के लिए आधार शिविरों में से एक है, में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 5 डिग्री सैल्सियस नीचे के तापमान से कम है।

पंपोर शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक छोटा सा गांव कोनीबाल घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 8.5 डिग्री सैल्सियस नीचे चला गया। कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 5.6 डिग्री सैल्सियस नीचे और दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में शून्य से 5.7 डिग्री सैल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने का अनुमान जताया है, तथा 21-22 दिसंबर की रात को घाटी के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, घाटी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है तथा आने वाले दिनों में कई स्थानों पर शीत लहर चलेगी।

Exit mobile version