Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज, बीते 79 वर्षों में सर्वाधिक

May 30, 2024

दिल्ली में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज, बीते 79 वर्षों में सर्वाधिक

नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार को गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और यहां मुंगेशपुर इलाके में अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राष्ट्रीय राजधानी में अब तक दर्ज किया गया सर्वाधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि वह किसी भी संभावित त्रुटि के लिए क्षेत्र के मौसम विज्ञन केंद्र के सेंसर और आंकड़ों की जांच कर रहा है। राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर भारत के कई हिस्से पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। यहां कम से कम तीन मौसम केंद्रों – मुंगेशपुर, नरेला और नजफगढ़ – ने मंगलवार को भी लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया।

दिल्ली के प्राथमिक मौसम विज्ञन केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार 17 जून, 1945 में दिल्ली का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान शहर के अलग-अलग हिस्सों में 45.2 डिग्री सेल्सियस से लेकर 49.1 डिग्री सेल्सियस तक रहा। मुंगेशपुर में अन्य मौसम विज्ञन केंद्रों की तुलना में 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

यह सेंसर में त्रुटि या स्थानीय कारक के कारण हो सकता है। आईएमडी आंकड़ों और सेंसर की जांच कर रहा है।’’ केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली में 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान बहुत कम होने की संभावना है। आईएमडी में हमारे वरिष्ठ अधिकारियों को समाचार रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए कहा गया है। आधिकारिक स्थिति जल्द ही बताई जाएगी। ’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें