Punjab Weather News : पंजाब के पहाड़ी इलाकों में फिलहाल हल्की बारिश हो रही है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। इस बारिश के बाद राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि अब तक पंजाब में सामान्य से कम वर्षा हुई है, लेकिन आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिमाचल में बारिश से बाँधों का जलस्तर बढ़ा
पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर पंजाब पर भी पड़ रहा है। पौंग बाँध का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। बाँध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए बाँध में डिस्चार्ज और इनफ्लो बराबर रखा गया है।
गुरुवार को पौंग बाँध का जलस्तर 1383.3 फीट दर्ज किया गया। उस समय डिस्चार्ज और इनफ्लो की मात्रा 59,835 क्यूसेक थी। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए पंजाब के होशियारपुर जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
होशियारपुर की उपायुक्त आशिका जैन के नेतृत्व में प्रशासन स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है। किसी भी लापरवाही से बचने के लिए हर घंटे रिपोर्टिंग की व्यवस्था लागू की गई है। संवेदनशील गांवों में अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। उन्होंने बताया कि सुरक्षा, राहत और संचार से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष (01882-220412) पर संपर्क कर सकते हैं।
पंजाब के प्रमुख शहरों में आज मौसम
अमृतसर – हल्के बादल छाए रहेंगे। आज तापमान 26 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
जालंधर – हल्के बादल छाए रहेंगे। आज तापमान 26 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
लुधियाना – आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आज तापमान 26 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
पटियाला – आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आज तापमान 26 से 35 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।
मोहाली – आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आज तापमान 25 से 34 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।

