Site icon Dainik Savera Times

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी, कुछ स्थानों पर घना कोहरा

Today Weather: राजस्थान में कोहरे और शीतलहर के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार मंगलवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर और सीकर में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया। पूरे दिन घना कोहरा रहने और सर्द हवाएं चलने से इन शहरों में दिन में भी रात जैसी सर्दी रही।

केन्द्र ने बृहस्पतिवार से कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई है।केन्द्र के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर शीतलहर भी दर्ज की गई और बुधवार सुबह राज्य के कुछ स्थानों पर घने से लेकर अति घना कोहरा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 27.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के एकमात्र पवर्तीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी और सिरोही में 5 डिग्री, फतेहपुर और श्रीगंगानगर में 5.1 डिग्री, अजमेर में 5.3 डिग्री और अलवर में 5.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री से रहा।

Exit mobile version