Today Weather 10 Nov 2026: नवंबर का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे ही ठंड का असर भी दिखाई देने लगा है। इस बीच मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने आज 10 नवंबर को देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आइए जानते हैं दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देश के प्रमुख राज्यों में आज मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
13 राज्यों में बारिश की संभावना
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज पूर्वी भारत के अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है। इसके अलावा दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है।
ये भी पढ़ें- भारत ने टॉस जीत चुनी गेंदबाजी, न्यूजीलैंड ने टीम में किया बदलाव, जानें दोनों टीमों की प्लेइंग 11
दिल्ली में पड़ सकता है कोहरा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में आसमान पर हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। इसके अलावा 11 और 12 नवंबर को भी सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
यूपी और बिहार में मौसम रहेगा शुष्क
उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, सुबह के वक्त कुछ जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
वहीं बिहार के लोगों को भी फिलहाल बारिश से राहत मिलने वाली है। पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, पूर्णिया और भागलपुर समेत राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में हो सकती है बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड में 10 नवंबर से बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है, जो 13 नवंबर तक जारी रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के मौसम में भी बदलाब आ सकता है। यहां मौसम खराब रहने की पूरी संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की आशंका है।

