
Today weather 21 April 2026: देशभर में गर्मी ने अब अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल के तीसरे हफ्ते में ही दोपहर के समय सूरज की तपिश लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार से पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
IMD के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र, झारखंड, बिहार, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग दिनों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। इससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
जहां एक ओर उत्तर और मध्य भारत गर्म हवाओं से झुलसेंगे, वहीं तटीय इलाकों में लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। IMD ने बताया कि 20 से 26 अप्रैल के बीच पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में, 20 से 22 अप्रैल तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, 20 से 24 अप्रैल तक केरल में, 24-25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ सकता है। IMD के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 20-21 अप्रैल के दौरान, छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल को और ओडिशा में 20 से 22 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रह सकती हैं।
गर्मी के बीच राहत की खबर भी है। दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। वहीं मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि का अनुमान जताया गया है।
राजस्थान में गर्मी ने तेजी पकड़ ली है। हाल ही में कोटा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 41.8 डिग्री, जैसलमेर में 41.1 डिग्री और बीकानेर में 40.6 डिग्री तापमान रहा। चूरू और श्रीगंगानगर में पारा 40.4 डिग्री तक पहुंचा, जबकि जयपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...