Today Weather 27 March 2026: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। आसमान में घने बादल, ठंडी हवाएं और कई जगहों पर बारिश की संभावना ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन किसानों और यात्रियों की चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की चादर
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आज सुबह से ही आसमान में बादलों से ने डेरा डाल रखा है। राजधानी में आज दिनभर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जहां न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 29 मार्च को तेज आंधी और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: इन 2 राशियों के लिए आज का दिन चिंता भरा, गलतफहमी और धोखा मिलने के आसार
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का असर
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम अस्थिर बना हुआ है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आगरा, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में 29 मार्च तक आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है।
बिहार में गरज के साथ बरसेंगे बादल
बिहार में आज मौसम बेहद दिलचस्प रहने वाला है। यहां बादल केवल गरजेंगे ही नहीं बल्कि बरसेंगे भी। मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। शाम होते-होते मौसम साफ होने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। 30 मार्च तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में गिरावट आएगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 27 मार्च 2026
हिमाचल प्रदेश में भी बिगड़ेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में भी आज घने बादल छाने और कई क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा जैसे इलाकों में मौसम खराब रह सकता है।
राजस्थान में ओलावृष्टि और मध्य प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम अचानक खराब हो सकता है। यहां ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है।

