Today Weather 28 July 2026: देश के कई हिस्सों में अल नीनो के असर के बावजूद लगातार बारिश हो रही है। अधिक बरसात ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पूर्वोत्तर से लेकर उत्तर और मध्य भारत तक कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। सबसे अधिक असर असम में देखने को मिल रहा है, जहां बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इस बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए नया मौसम अलर्ट जारी करते हुए 22 राज्यों में तेज से अत्यधिक बारिश की संभावना जताई है।
गहरे दबाव के कारण बदला मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) देश के कई हिस्सों में सक्रिय मानसून का प्रमुख कारण बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के अनेक क्षेत्रों में भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- Today’s Horoscope 28 July 2026: नौकरी और व्यापार के मामले में कैसा रहेगा आपका दिन, पढ़िए दैनिक राशिफल
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का बढ़ा खतरा
आईएमडी ने उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान फ्लैश फ्लडआने की आशंका जताई है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
तटीय इलाकों के लिए विशेष चेतावनी
समुद्री क्षेत्रों में भी मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र उग्र रहने की संभावना है। मछुआरों को 29 जुलाई की सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाओं और ऊंची लहरों का खतरा बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- Today Hukamnama 28 July 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी
कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

