Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर भारत में गर्मी ने दी दस्तक, होली पर दिल्ली-यूपी-बिहार में मौसम शुष्क, तेजी से तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान

March 4, 2026

उत्तर भारत में गर्मी ने दी दस्तक, होली पर दिल्ली-यूपी-बिहार में मौसम शुष्क, तेजी से तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान

Today Weather: उत्तर भारत में मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी ने समय से पहले असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 4 मार्च को राजधानी में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, हालांकि किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

दिल्ली में धूप और धूलभरी हवाएं
IMD के अनुसार दिल्ली में दिन के समय तेज हवाओं के साथ धूप बनी रहेगी। 20 फरवरी से जारी शुष्क मौसम का दौर इस सप्ताह भी जारी है और फिलहाल बारिश या बादलों की कोई संभावना नहीं है। होली के दिन भी राजधानी में मौसम पूरी तरह सूखा और गर्म रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अगले सप्ताह यह 35 डिग्री के पार जा सकता है। हवाओं की रफ्तार के कारण हल्की धूलभरी स्थिति बन सकती है, जिससे दोपहर के समय गर्मी ज्यादा महसूस होगी।

ये भी पढ़ें- आज मनाया जा रहा रंगों का पर्व, जानें क्या करें और किन बातों से बचें

 

यूपी में चुभने वाली धूप
उत्तर प्रदेश में भी होली का त्योहार तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच मनाया जाएगा। IMD के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा।राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी और मध्य यूपी में दोपहर के समय गर्मी तीखी रह सकती है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं पूर्वी जिलों में हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन व्यापक वर्षा के आसार नहीं हैं।

बिहार में बढ़ेगा पारा
बिहार में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में दिन और रात दोनों के तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जिससे सुबह-शाम की ठंडक कम हो जाएगी।

ये भी पढ़ें- आज होली के दिन इन राशियों की चमकेगी किस्मत! नौकरी में पदोन्नति के साथ-साथ धन प्राप्ति भी

 

पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मिजाज
मैदानी इलाकों के विपरीत पहाड़ी राज्यों में मौसम में बदलाव की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में मंगलवार को धूप खिली रही, जिससे तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पश्चिम और दक्षिण भारत का हाल
महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है। गुजरात में भी दो दिनों तक तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि उसके बाद विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। तमिलनाडु में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं और मौसम सामान्य बना रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें