
Today Weather 7 July 2025 : दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में सोमवार की सुबह अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से उमस का माहौल बना हुआ था, लेकिन अब मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। बारिश के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट आई है। दिल्ली के आसमान में देर रात से ही बादल छाए हुए थे और कुछ जगहों पर जोरदार बिजली भी कड़क रही थी। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में तबाही-
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष मानसून ने बहुत नुकसान पहुंचाया है। कई जगहों पर लैंडस्लाइड्स की घटनाएं हुई हैं, जिससे लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, और अब तक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार 78 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 50 मौतें बारिश से जुड़ी हुई हैं। इस स्थिति के कारण राज्य में सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे लोगों को मुश्किल हो रही है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उत्तराखंड में भारी बारिश-
उत्तराखंड में मानसून आफत लेकर आया है। यहां लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड ने आम जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस बारिश के कारण लैंडस्लाइड की संभावना बढ़ गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश हो रही है। सोमवार की सुबह रुद्रप्रयाग में बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। IMD ने देहरादून सहित चार जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यूपी-बिहार में बिजली गिरने का अलर्ट-
उत्तर प्रदेश में 7 और 8 जुलाई को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है और बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं, बिहार में भी हालात अलग नहीं हैं। यहां कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। खासकर पटना, बक्सर, भोजपुर,भागलपुर, बांका, मुंगेर और रोहतास जैसे जिलों में यह चेतावनी दी गई है। राज्य में नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है जिससे बाढ़ का भी खतरा मंडराने लगा है।