Site icon Dainik Savera Times

Today weather 7 July 2026: देश के 25 राज्यों के लिए जारी हुआ भारी बारिश का अलर्ट, ये राज्य होंगे सबसे अधिक प्रभावित

Today weather 7 July 2026

Today weather 7 July 2026

Today weather 7 July 2026: जुलाई के पहले सप्ताह में ही मानसून ने पूरे देश में अपनी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 7 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बेहद सक्रिय रहेगा। 25 राज्यों में तेज से लेकर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि चार राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका है।

दिल्ली-NCR में दिनभर बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम बदला-बदला रहेगा। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है। नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, द्वारका, रोहिणी, शाहदरा, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गरज के साथ वर्षा होने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में मानसून का व्यापक असर
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का प्रभाव देखने को मिलेगा। वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ और प्रयागराज में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। वहीं मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और नोएडा सहित पश्चिमी जिलों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें- Today’s horoscope 07 July 2026: आज का दिन इन राशियों के लिए शांति भरा, लेकिन सिंह और धनु राशि वाले रहें सावधान

 

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर मौसम की चुनौती
लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड के कई जिलों में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अनुमान है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ सकता है।

बिहार और झारखंड में भी चेतावनी
बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पटना, भागलपुर, गया, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी और दरभंगा सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं उधर झारखंड में बना डिप्रेशन रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और दुमका सहित कई जिलों में तेज बारिश करा सकता है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसे हालात की आशंका
कम दबाव के क्षेत्र का सबसे अधिक असर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। दोनों राज्यों के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

ये भी पढ़ें- Today Hukamnama 7 July 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी

पश्चिमी भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर
कोंकण, गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में मानसून का प्रभाव लगातार बना रहेगा। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे के घाट क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कई हिस्सों में भी तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

 

 

Exit mobile version