Today Weather 8 July 2025 : दिल्ली-NCR में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। बारिश के कारण दिनभर मौसम खुशनुमा बना रहा। सुबह की ठंडी हवा ने लोगों को सुकून का अहसास कराया। लेकिन जैसे-जैसे रात हुई, नमी वापस बढ़ गई और राजधानी में फिर से उमस महसूस होने लगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी तेज बारिश हुई, जिसने वहां के लोगों को गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग ने दिल्ली और उसके आसपास के राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे आने वाले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। आइए, जानते हैं कि आज अन्य राज्यों में मौसम कैसा रहेगा और क्या मौसम में और बदलाव होने की उम्मीद है।
दिल्ली में बारिश का अलर्ट-
दिल्ली-NCR समेत पूरे देश में मॉनसून की बारिश पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। मौसम विभाग ने आज राजधानी दिल्ली के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली-N के कुछ क्षेत्रों में जोरदार बारिश देखने को मिल सकती है। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
यूपी-बिहार में मौसम-
आज उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में हवा के साथ-साथ मौसम नम और उमस भरा रहेगा। आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश हो सकती है। बिहार के कुछ इलाकों में रात में तेज बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में दिन के समय भी छिटपुट बारिश देखने को मिलेगी। हवा की गति कम रहेगी, लेकिन मौसम में नमी 90% से अधिक रहने के कारण लोगों को उमस महसूस होगी। IMD ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। झारखंड में भी भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। अत्यधिक बारिश से यहां के नाले और डैम भर गए है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट-
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी एक नई रिपोर्ट में बताया है कि 8 से 13 जुलाई के बीच उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस समय के दौरान, कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।

