Today weather forecast: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ी इलाकों तक मौसम की चाल बदलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज से कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 3 फरवरी तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठंड, हो सकती है बारिश
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। बारिश और तेज ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।
ये भी पढ़ें- आज पूर्णिमा के दिन कैसा रहेगा आपका दिन? जानें 12 राशियों का राशिफल
उत्तर प्रदेश में बारिश, बिहार में घना कोहरा
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। IMD के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है और ठंडी हवाएं चलेंगी। वहीं बिहार में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और शाम के समय विजिबिलिटी काफी कम रहने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की आशंका
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार यह मौसम प्रणाली करीब चार दिनों तक सक्रिय रह सकती है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें- सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री, पीएम मोदी बोले- अजित दादा के सपनों को साकार करेंगी
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी रहने के आसार
पहाड़ी राज्यों में सर्दी का असर और तेज हो सकता है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी होने की संभावना है। बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट आएगी, साथ ही कुछ क्षेत्रों में सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
फरवरी में कैसा रहेगा मौसम?
इस बीच IMD ने फरवरी महीने को लेकर अहम अनुमान भी साझा किया है। विभाग के अनुसार पूरे देश में फरवरी के दौरान तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि बारिश सामान्य से कम होने की संभावना है। खासतौर पर हिमालयी क्षेत्रों में शुष्क सर्दियों का रुख देखने को मिल सकता है, जिसे जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से जोड़ा जा रहा है।