Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Today Weather: भारी बारिश का रेड अलर्ट, हिमाचल में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त,जानें अन्य राज्यों का हाल

August 21, 2025

Today Weather: भारी बारिश का रेड अलर्ट, हिमाचल में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त,जानें अन्य राज्यों का हाल

Today Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार (21 अगस्त) को गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राज्य के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। दूसरी ओर, दिल्ली और मुंबई में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है।

हिमाचल में स्कूल-कॉलेज बंद

हिमाचल प्रदेश के ऊना, कुल्लू और मंडी जिलों में मूसलाधार बारिश के चलते शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। कुल्लू के मनाली व बंजार और मंडी जिले के कई इलाकों में अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं के बाद यह कदम उठाया गया। वहीं कुल्लू जिले के शास्त्री नगर में नाले में अचानक आई बाढ़ से घरों और वाहनों को नुकसान हुआ। जबकि मंडी जिले के सिलभुधानी गांव में बादल फटने के कारण पैदल पुल बह गया। बता दें कि राज्य में अब तक 368 सड़कें बंद हैं, जिनमें 3 राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। मौसम विभाग ने 24 से 26 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट और 23 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बुधवार को यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 79 दर्ज किया गया, जो “संतोषजनक” श्रेणी में है। हालांकि, उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी हो सकती है।

मुंबई में हालात सामान्य, लेकिन अलर्ट जारी

मुंबई में बुधवार को बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने से जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। लोकल ट्रेन और अन्य सेवाएं पूरी तरह बहाल हो गई हैं। हालांकि, आईएमडी ने गुरुवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

स्कूल-कॉलेज खुल चुके हैं।
बीएमसी ने कहा है कि सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं।
आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किया गया है।

गुजरात में रेड अलर्ट

गुरुवार को गुजरात में भारी बारिश की आशंका जताते हुए आईएमडी ने रेड अलर्ट घोषित किया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश से हालात बिगड़ सकते हैं और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें