Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर से यूपी तक आज होगी झमाझम बारिश, इन राज्यों में बढ़ेगा तापमान

February 17, 2026

कश्मीर से यूपी तक आज होगी झमाझम बारिश, इन राज्यों में बढ़ेगा तापमान

Today Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से उत्तर भारत से लेकर दक्षिणी तटों तक मौसम में विविध बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जहां उत्तरी मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से हल्की गर्मी का अहसास शुरू हो गया है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है।

दिल्ली में हल्के बादल, बढ़ेगा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।

ये भी पढ़ें- साल के पहले सूर्यग्रहण के दिन क्या कहते हैं आपके सितारे? जानें 12 राशियों का राशिफल

 

हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार
IMD के मुताबिक 17 से 19 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग और सोनमर्ग में ताज़ा बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को मौसम करवट ले सकता है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पंजाब, हरयाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सुबह-शाम की ठंड में कमी महसूस की जाएगी। हालांकि 17 और 18 फरवरी को इन राज्यों के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 17 फरवरी 2026

 

मध्य और पूर्वी भारत का हाल
मध्य प्रदेश में 18 फरवरी को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड, बिहार और ओडिशा में न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।

पश्चिम और दक्षिण भारत में गर्मी का असर
पश्चिमी भारत के गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे हालात बनने लगे हैं। दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में 21 और 22 फरवरी को भारी बारिश की संभावना जताई गई है, खासकर दक्षिणी तटीय हिस्सों में।

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें