Today Weather Update: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली समेत करीब 8 से ज्यादा राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी।
दिल्ली: कोहरा, बादल और हल्की बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली में पहले से जारी कड़ाके की ठंड के बीच अब बारिश की दस्तक होने जा रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। आज सुबह घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है, जबकि रात के समय बादलों की आवाजाही के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- आज शनिवार के दिन किस पर बरसेगी शनि देव की कृपा, कौन होगा परेशान?
उत्तर प्रदेश: कोहरे के बाद बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत साफ नजर आ रहे हैं। आज कई जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं 1 और 2 फरवरी को पूर्वी से लेकर पश्चिमी यूपी तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार: सुबह कोहरा, दिन में धूप
बिहार में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है। IMD ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि दिन में धूप निकलने की संभावना बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- ‘कांग्रेस की सोच ने देश को दशकों पीछे रखा’, राहुल गांधी के बयान पर पीयूष गोयल का पलटवार
इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले 24 से 48 घंटे भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश में भी मौसम बिगड़ा रह सकता है।
पहाड़ी इलाकों में बढ़ी मुश्किलें
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी जहां पर्यटकों के लिए आकर्षण बनी हुई है, वहीं स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। सड़कों पर फिसलन, यातायात में बाधा और ठंड में इजाफा आम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 3 फरवरी तक और जम्मू-कश्मीर में 2 फरवरी तक बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

