Today Weather Update : साइक्लोन मोन्था के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आपको बता दें कि यूपी-बिहार सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह आसमान बादलों से घिरा रहा और कुछ इलाकों में हल्का कोहरा भी देखा गया। हालांकि चक्रवात अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार तक इसके असर से कई राज्यों में बारिश जारी रहेगी।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
बता दें कि मौसम विज्ञान विभाग ने 31 अक्टूबर को महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण भारत के राज्यों केरल, तेलंगाना, यनम, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी आज भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार और पूर्वांचल में भारी वर्षा का अनुमान
मौसम विभाग ने बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी है। अयोध्या, कानपुर, सुलतानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में बढ़ी ठंड
बारिश के चलते उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ गया है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तापमान तेजी से गिरा है। हिमाचल के कई इलाकों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। वहीं, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी सुबह-शाम सर्द हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में ठंड और बारिश का यह दौर जारी रहेगा।

