Site icon Dainik Savera Times

देशभर में मानसून का असर: कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, IMD ने किया अलर्ट

Punjab Weather Update

Today Weather Update : देशभर में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट जरूर आई है, लेकिन कई क्षेत्रों में भारी उमस भी महसूस की जा रही है। राजधानी दिल्ली में भी मानसून पहुंच चुका है, लेकिन इसकी गति धीमी है। ऐसे में बीते कुछ दिनों से केवल छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की आशंका है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पूर्वी और मध्य भारत में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य भारत के लिए अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक: 8 जुलाई तक विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 6 जुलाई तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और बिहार में मूसलाधार बारिश की संभावना है। सप्ताह के अंत तक मेघालय, दक्षिण-पूर्व असम, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

उत्तर-पश्चिम भारत में भी बारिश का कहर

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भी मानसून की बारिश से स्थिति गंभीर बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 जुलाई तक राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं पंजाब, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने खासा कहर बरपाया है। 20 जून को मानसून के आगमन के बाद से ही राज्य में भारी नुकसान हुआ है। अब तक लगभग 283 करोड़ रुपये की क्षति हो चुकी है, जिसमें जलशक्ति विभाग को 163 करोड़ और लोक निर्माण विभाग को 117 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

उत्तराखंड में भी हालात चिंताजनक हैं। देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और चंपावत जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। गंगा, यमुना, अलकनंदा और सौंग जैसी नदियां उफान पर हैं, जिससे उत्तरकाशी, चमोली, हरिद्वार और टिहरी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में सौंग नदी के उफान से कई गांव जलमग्न हो गए हैं।

पश्चिम भारत में भी बारिश का कहर जारी

पश्चिम भारत में भी मानसून सक्रिय है। खासकर महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही गुजरात, कोंकण और गोवा के कई हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version