Today Weather Update : देश के कई हिस्सों में मानसून पूरे रफ्तार पर है और लगातार बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही, मैदानी इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। लेकिन अब पहले से हालात सुधरने लगे हैं। आइए खबर में विस्तार से जानते है…
दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में बदलता मौसम
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज का मौसम कुछ बदला-बदला नजर आया। आसमान पर हल्के बादलों की परत रही तो वहीं सूरज बीच-बीच में अपनी किरणें बिखेरता नजर आया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 11 और 12 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में सतही हवाएं 19 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। इस दौरान सुबह और शाम का मौसम सुहावना रहेगा, जबकि दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास होगा। बारिश की संभावना बेहद कम है, हालांकि 12 सितंबर को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सितंबर मध्य तक मॉनसून दिल्ली से विदाई ले सकता है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने गुरुवार को पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इसके अलावा 13 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हरियाणा में बाढ़ जैसे हालात
वहीं हरियाणा में इस बार मानसून ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश की है। यहां अब तक सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। राज्य के कई जिलों में नदियों और नालों में उफान के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। अंबाला, सिरसा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत समेत कई जिलों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने करनाल, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में 13 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई है।
हिमाचल प्रदेश में फिर सक्रिय होगा मानसून
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश में बारिश की रफ्तार धीमी हुई थी, लेकिन अब फिर से मॉनसून के तेज होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 12 से 14 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। अब तक राज्य में 380 लोगों की मौत हो चुकी है और 4300 करोड़ रुपये से अधिक की सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान आंका गया है। जिलावार पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 सितंबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी वर्षा की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने 13 सितंबर को कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बरकरार है, जिससे प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।