
Today’s Weather 01 Oct 2025 : दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में इस समय मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। लगातार उमस के बाद कल हुई बारिश ने गर्मी में राहत दी है, और अब मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है, और दशहरे तक देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में काले बादल और बारिश की संभावना
दिल्ली में मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला सा है। गर्मी में राहत देने वाली बारिश के बाद, राजधानी में आज काले बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे ‘मौसम में बदलाव’ के रूप में बयान किया है, जो शहरवासियों को उमस से राहत दे रहा है।
उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी
उत्तर प्रदेश में मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे गर्मी का असर कम हुआ। आज भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना है। IMD के मुताबिक, बांदा, प्रयागराज, फतेहपुर, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, और कानपुर जैसे जिलों में बारिश हो सकती है। यूपी के कई हिस्सों में इस मौसम के चलते कृषि कार्यों में भी मदद मिल रही है, क्योंकि बारिश से खेतों में नमी बनी रहती है।
बिहार में दशहरे तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार में 7 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर दशहरा के दिन बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। भोजपुर, कैमूर, रोहतास जैसे जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि सुपौल, किशनगंज, सहरसा और कटिहार जैसे जिलों में मूसलधार बारिश हो सकती है। इस बारिश का असर बिहार के त्योहारों पर भी दिखाई देगा, क्योंकि कई जगहों पर पांडालों में तैयारी में थोड़ा असर हो सकता है।
उत्तराखंड में ठंड की दस्तक
उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव का असर साफ दिख रहा है। पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरु हो गया है। इस बार की बारिश ने पर्वतीय इलाकों के मौसम को ठंडा कर दिया है। नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते यहां के तापमान में गिरावट आई है। स्थानीय लोग ठंड का एहसास करने लगे हैं और सर्दियों की शुरुआत का संकेत मिल रहा है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार तक मौसम साफ बना रहेगा। उसके बाद अगले 4 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश से तापमान में गिरावट की भी उम्मीद की जा रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में रविवार तक मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। उसके बाद रविवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती हैं और उमस भरी गर्मी से रहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
हरियाणा में छाए बादल
हरियाणा में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह हरियाणा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो साकती है।